करणी सेना प्रमुख शेरपुर आष्टा में, शांति की अपील:पत्थरबाजों पर कठोर कार्रवाई की मांग; नहीं करेंगे प्रदर्शन

आष्टा मामले पर करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर की शांति की अपील, बोले— प्रशासन पर रखें भरोसा

अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

सीहोर जिले के आष्टा में 21 दिसंबर, 2025 को हुई घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी बीच करणी सेना के राष्ट्रीय प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने सामने आकर शांति की अपील की है। उन्होंने साफ कहा है कि कानून को हाथ में लेने से समस्या का समाधान नही है।  

करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवनसिंह शेरपुर ने जनता से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन पर भरोसा करें। उन्होंने कहा कि भावनाओं में बहकर उठाया गया कोई भी कदम शांति व्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता है।

जीवनसिंह शेरपुर, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष 

“मैं सभी से अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें। प्रशासन पूरी गंभीरता से जांच कर रहा है। दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर शनिवार को आष्टा पहुंचे। उन्होंने अपने करणी सैनिकों से मुलाकात की और एक सभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने भोपाल-इंदौर मार्ग पर मीडिया से चर्चा की।

इस दौरान शेरपुर ने कहा कि वे शहर में शांति और सद्भाव बनाए रखने के पक्षधर हैं। उन्होंने अपने सैनिकों को भी सहयोग करने के लिए कहा है। शेरपुर ने प्रशासन से 21 दिसंबर को अलीपुर में हुई पत्थरबाजी और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि वे शहरवासियों के साथ हैं और उनकी इच्छा का सम्मान किया जाएगा।

शेरपुर ने स्पष्ट किया कि करणी सेना कोई आंदोलन नहीं चाहती, बल्कि केवल न्याय की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अच्छी कार्रवाई कर रहा है और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उनका उद्देश्य है कि दोषी व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की बात दोहराई और कहा कि करणी सेना ने कभी उपद्रव या लड़ाई नहीं की है।

उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई का आग्रह किया ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शेरपुर ने कहा कि पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों के अलावा कुछ अन्य दोषी अभी भी फरार हैं। उन्होंने वर्तमान में लगाई गई धाराओं पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्हें बढ़ाने की मांग की।

जीवन सिंह शेरपुर का स्वागत करते करणी सेना सदस्य।
जीवन सिंह शेरपुर का स्वागत करते करणी सेना सदस्य।

नहीं होगा कोई प्रदर्शन

जब उनसे 28 दिसंबर (रविवार) को करणी सेना सहित अन्य संगठनों द्वारा आष्टा में प्रस्तावित धरना के बारे में पूछा गया, तो जीवन सिंह शेरपुर ने कहा कि वे इससे सहमत नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि करणी सेना का कोई प्रदर्शन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वे प्रशासन से न्याय चाहते हैं और यह बात ज्ञापन के माध्यम से बता दी गई है।

कलेक्टर-एसपी आष्टा में

शनिवार को सीहोर कलेक्टर के बाला गुरु, एसपी दीपक कुमार शुक्ला सहित प्रशासनिक अधिकारी आष्टा शहर में ही हैं और शहर में शांति बनी रहे यही प्रयास कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लोगों से कहा है कि अफवाहों पर ध्यान ना दे। प्रशासन ने शाम के समय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक भी आयोजित की है।

टिप्पणियाँ