गुजरात के मोरबी में हादसा, केबल ब्रिज टूटने से नदी में गिरे लोग !
गुजरात के मोरबी में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां मच्छु नदी में बना केबल ब्रिज टूटने से कई लोग नदी में गिर गए। शाम के समय ये हादसा हुआ, जब लोग छठ मना रहे थे। स्थानीय सिविल अस्पताल अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में कम से कम 32 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी का कहना है कि अब तक इस घटना में 7 लोगों की मृत्यु हुई है, ऐसी सूचना हमें मिली है। जिन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है उनमें से अधिकतर लोग बच गए हैं और उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि पुल पर सैंकड़ों लोग मौजूद थे। लोगों का वजन इतना था कि केबल पुल अचानक टूट गया और लोग सीधे नदी में गिर गए।
युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है
युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। मोरबी में मच्छु नदी पर ये केबल ब्रिज बना था। बताया जा रहा है कि मरम्मत के बाद पांच दिन पहले ही इस केबल ब्रिज को आने-जाने के लिए खोला गया था। रेस्क्यू टीम लोगों को बचाने में लगी है। पानी में डूबे लोगों को निकालकर उन्हें अस्पतालों में भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय करीब 400-500 लोग ब्रिज पर मौजूद थे। यह ब्रिज काफी पुराना था। मरम्मत कर फिर से आम जनता के लिए खोला गया था और अब इतना बड़ा हादसा हो गया।
पीएम मोदी ने हर संभव मदद देने को कहा
मोरबी हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और अन्य अधिकारियों से बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने की मांग की। उन्होंने स्थिति की बारीकी और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने को कहा है।
गौरतलब है कि पिछले 7 महीने से इस ब्रिज की मरम्मत चल रही थी। रेनोवेशन का काम एक ट्रस्ट ने किया था। रविवार को बड़ी संख्या में लोग छठ के मौके पर अपने परिवारों के साथ यहां पहुंचे थे। वहीं, इतने समय बाद पुल खुलने की वजह से लोग यहां तस्वीरें और सेल्फी लेने के लिए भी पहुंचे थे। हादसे के बाद केबल ब्रिज की कई तस्वीरें सामने आई हैं। इसमें देखा जा सकता है कि ब्रिज बीच से टूटकर नदी में गिर गया है। ब्रिज टूटने के बाद कई लोग बीच में भी फंस गए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें