वाटर कैनन के प्रेशर से बैरिकेड से गिरे जीतू पटवारीः भोपाल में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन !
भोपाल में यूथ कांग्रेस ने एग्जाम में गड़बड़ी, पेपर लीक, नर्सिंग घोटाला, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। शुक्रवार दोपहर को कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रोशनपुरा चौराहे पर इकट्ठा हुए और सीएम हाउस का घेराव करने आगे बढ़े। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पहले ही बैरिकेड लगाकर रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी बैरिकेड पर चढ़ गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटन कैनन चलाया। पानी के प्रेशर से जीतू पटवारी बैरिकेड से गिर गए। कुछ कार्यकर्ता भी घायल हो गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस भी छोड़ी। इसके बाद पुलिस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर बसों से ले गई।
इससे पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, ये सरकार मोहन यादव और बीजेपी की सरकार नहीं माफियाओं की सरकार है। आंदोलन में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह यादव आदि शामिल हुए।
चाढ़े चार लाख पोस्टकार्ड सीएम को सौंपने जा रहे थे
मितेंद्र दर्शन सिंह ने बताया, यूथ कांग्रेस ने दो महीने पहले 'क्या हुआ तेरा वादा' अभियान शुरू किया था। इसमें करीब साढ़े चार लाख युवाओं ने पोस्ट कार्ड लिखकर समस्याएं बताई हैं। आज ये पोस्ट कार्ड सीएम डॉ. मोहन यादव को सौंपने जा रहे थे। बता दें, पिछले आठ दिन में कांग्रेस का ये चौथा बड़ा प्रदर्शन है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें